भक्तों के आस्था का केंद्र है मेहनौन के मां पटमेश्वरी देवी का मंदिर

*डीएम गोंडा नेहा शर्मा ने मंदिर मे किया दर्शन पूजन*
*गोंडा*
गोंडा जिले के विकास खंड इटियाथोक व थाना क्षेत्र धानेपुर के ग्राम पंचायत मेहनौन मे मां पटमेश्वरी देवी का मंदिर लाखों भक्तों के आस्था का केंद्र हैं। नवरात्रि के दिनों में यहाँ विशाल मेला लगता है और भक्तों की संख्या काफी अधिक होती है। इस दौरान यहाँ कथा, भागवत, हवन, भण्डारा व मुंडन सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान होते है। पूरे साल माता के भक्त यहां दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचते हैं और मां की पूजा-अर्चना के साथ अपने सुख समृद्धि की कामना करते हैं। भक्तो का विश्वास है कि माता पटमेश्वरी देवी यहां सच्चे मन से आने वालों की मनोकामना को अवश्य पूरा करती हैं। माता पटमेश्वरी का यह मंदिर करीब 400 साल पुराना बताया जाता है। कहा जाता है कि चार सौ साल पहले इस क्षेत्र में म्लेच्छ वंश का एक क्रूर राजा था। उसके आतंक से पूरे क्षेत्र की जनता में हाहाकार मचा था। राजा नवविवाहिता महिलाओं की डोली रोक लिया करता था और उनके साथ दुर्व्यवहार करता था। उसके आतंक से लोग परेशान थे। प्रचलित कथा के मुताबिक बहु बेटियों की रक्षा के लिए मां पटमेश्वरी ने दुल्हन का वेश धारण किया और डोली में बैठकर उस राजा के महल के करीब पहुंचीं। दुल्हन वेश में डोली में बैठी मां पटमेश्वरी को उस दुरात्मा ने नवविवाहिता समझकर रोक लिया। मां के साथ दुर्व्यवहार करना चाहा, लेकिन मां ने दुल्हन वेश में ही उस क्रूर राजा का वध कर डाला। इसके बाद मां ने एक स्थान पर आराम किया, जहां आज यह मंदिर बना हुआ है। पुजारी के तौर पर यहाँ शारदा प्रसाद पांडे तैनात किये गए है। यहाँ की वर्तमान महिला ग्राम प्रधान गरिमा सिंह ने बताया की हर नवरात्र मे यहाँ भक्तो की भारी भीड़ होती है और विशाल मेला लगता है। सुरक्षा व्यवस्था मे धानेपुर पुलिस टीम मौजूद रहती है।
*डीएम नेहा शर्मा ने मेहनौन देवी मंदिर मे किया दर्शन पूजन*
डीएम नेहा शर्मा ने सोमवार की देर शाम करीब 8 बजे मेहनौन के प्रसिद्ध पटमेश्वरी देवी मंदिर मे नवरात्र पर पहुंचकर दर्शन पूजन किया। उन्होंने देवी दर्शन के बाद मंदिर क्षेत्र मे भ्रमण कर मौजूद व्यवस्थाओ और साफ सफाई व पेयजल आदि का जायजा लिया। उन्होंने प्रधान प्रतिनिधि रामु सिंह से जरुरी जानकारी ली और मंदिर व पंचायत के विकास पर चर्चा की। इसके पूर्व उन्होंने पास मे स्थित हनुमानगढी मंदिर पर भी पहुंचकर दर्शन किया। मौके पर पुजारी बाबा अरुण दास, पुजारी शारदा प्रसाद पांडे, रामु सिंह, राजू तिवारी, पिंटू, बब्बन, अखिलेश मौर्य, रोहित सिंह आदि लोग मौजूद रहे।