टोल वसूलने आई है…’, मनाली में धूप खिलने के बाद भी NH पर डोहलुनाला टोल प्लाजा को चिरते हुए बह रही ब्यास

हिमाचल प्रदेश के मनाली में ब्यास नदी में आई बाढ़ से चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे जगह जगह टूट गया है. आलम यह है कि अब भी कई जगह पर ब्यास नदी रास्ते बदलते हुए चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर बह रही है. ऐसा ही एक वीडियो सामने आया, जिसमें मनाली से 10 किमी पहले डाहलूनाला टोल प्लाजा को जलमग्न करते हुए ब्यास नदी शोर के साथ बह रही है.
डाहलूनाला टोल प्लाजा के सभी बूथ पानी में डूबे हैं और यहां पर ऐसा लगता ही नहीं कि यह चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे है. उधर, मनाली से कुल्लू के बीच लेफ्ट बैंक से आवाजाही हो रही है. लेकिन पतलीकूहल में पुल को भी एक तरफ से नुकसान हुआ है.
उधर, इस वीडियो को देखकर अब सोशल मीडिया यूजर्स मजे भी ले रहे हैं. एक एक्स यूजर ने लिखा कि अब ब्यास नदी टोल टैक्स लेने आई है. एक और यूजर ने लिखा यह काफी भयावह है. वहीं, एक यूजर ने लिखा कि ब्यास के पास काफी ज्यादा होटल थे क्या वह बच गए हैं. गौर रहे कि डाहलुनाला टोल प्लाजा 2023 से बंद है, क्योंकि उस दौरान भी आपदा से हाईवे को काफी नुकसान हुआ था और फिर टोल वसूली बंद कर दी गई थी.
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में चंडीगढ़ मनाली हाईवे की हालत बेहद खराब है और यहां पर टोल वसूली बंद करने की मांग उठी थी. मंडी और कुल्लू की सीमा पर टकोली टोल प्लाजा को एक माह के लिए सस्पेंड किया गया है. बिलासपुर में दो टोल पर वसूली बंद करने का आदेश सुक्खू सरकार ने एक दिन बाद वापस ले लिया था.
कहां कहां पर टूटा हाईवे
कुल्लू से मनाली के बीच चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे कई लोकेशनल पर टूट गया है. इसमें वैष्णों देवी मंदिर, रायसन, डाहलुनाला टोल प्लाजा पर हाईवे का हिस्सा बह गया. इसी तरह, मनाली से आगे लेह के लिए जाने वाला मार्ग समाहण में टूटा है. इसके अलावा, मनाली बाइपाइ का बड़ा हिस्सा टूट गया है. यहां पर अब मनाली शहर में पुराने रास्ते से आवाजाही हो रही है. इससे पहले, सोमवार रात को ही आलू ग्राउंड के पास भी ब्यास नदी ने रास्ता बदलते हुए हाईवे का रुख कर लिया था और यहां पर ग्रीन टैक्स बैरियर, फ्रूट मंडी सहित हाईवे जलमग्न हो गया था.
उधर, मंडी जिले में झलोगी, दवाडा, सहित कुछ अन्य इलाकों में क्षतिग्रस्त हुआ है. डीसी कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने आज जिला मुख्यालय के आसपास आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. फिलहाल, हाइवे को ठीक करने में समय लग सकता है.
कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह कहना है कि छुहड़ू नामक स्थान पर काफी नुकसान हुआ है और छह लोग हैं जिनका पूरा पूरा मकान बह गया है. 1 लाख 30 हजार की फौरी तौर पर राहत दी जा रही है. लेकिन इससे भरपाई होनी मुश्किल है. माल का नुकसान हुआ है. जान बच गई है. गौरतलब है कि मनाली और कुल्लू में बुधवार को धूप खिली है.
कुल्लू में बीती रात हुई भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त मार्गों पर जिला प्रशासन कुल्लू ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.
कुछ जगहों पर बहाल हो गया नेशनल हाईवे
प्रशासन ने बताया कि होटल सरायन और वैष्णो देवी माता मंदिर, के आगे चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे बहाल कर दिया गया है, लेकिन इस मार्ग पर केवल छोटे वाहनों (लाइट मोटर व्हीकल) को ही आवाजाही की अनुमति होगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी छोटे वाहन रायसन पुल से लेफ्ट बैंक होते हुए मनाली जा सकते हैं. हालांकि मनाली में अलेउ) क्षेत्र से आगे सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों की आवाजाही संभव नहीं है.
इसलिए, फिलहाल गाड़ियां केवल अलेउ तक ही जा पाएंगी. बड़े वाहनों (हैवी मोटर व्हीकल) के लिए यह मार्ग अभी बंद रहेगा, क्योंकि चौड़ाई की कमी और क्षतिग्रस्त स्थिति के कारण इसे खोलना संभव नहीं है. प्रशासन ने भारी वाहनों के चालकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी गाड़ियां चार लेन मार्ग पर सुरक्षित स्थान पर खड़ी रखें, जब तक कि मार्ग का बहाली कार्य पूरी तरह से पूरा न हो जाए. जिला प्रशासन ने सभी चालकों और पर्यटकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे धैर्य बनाए रखें और पुलिस व प्रशासन द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें.



