टीम इंडिया 2026 में करेगी बांग्लादेश का दौरा, कई टी20 और वनडे मैचों की सीरीज, इस महीने होगी शुरू

भारतीय क्रिकेट टीम इस साल बांग्लादेश का दौरा करने वाली है। इस बात की जानकारी खुद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ही दी है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 2026 के लिए अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर की घोषणा कर दी है। इस कैलेंडर में सबसे खास बात यह है कि भारत की टीम अगस्त-सितंबर 2026 में बांग्लादेश का दौरा करेगी। यह दौरा पहले स्थगित हो गया था जिसे अब फिर से तय किया गया है। भारत तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगा।
बांग्लादेश जाएगी भारतीय टीम
भारतीय टीम 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी। वनडे सीरीज 1, 3 और 6 सितंबर को होगी, जबकि टी20 सीरीज 9, 12 और 13 सितंबर को खेली जाएगी। इसके बाद भारतीय टीम अपने देश लौट जाएगी। BCB के क्रिकेट संचालन प्रभारी शाहरियार नाफीस ने क्रिकबज को बताया, ‘बांग्लादेश और भारत के बीच जो सीरीज पहले स्थगित हो गई थी उसे फिर से तय कर दिया गया है।’ भारत का यह दौरा बांग्लादेश के 2026 के घरेलू सीजन का हिस्सा है। इस सीजन में बांग्लादेश पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज जैसी टीमों के खिलाफ भी सभी फॉर्मेट में द्विपक्षीय सीरीज खेलेगा।



