जुबीन गर्ग मौत मामले में बड़ा एक्शन, सिद्धार्थ शर्मा और श्यामकानु महांता गिरफ्तार

असम के मशहूर गायक और युवाओं के दिलों की धड़कन जुबीन गर्ग की सिंगापुर में मौत से हर कोई सन्न है. अब पुलिस ने इस मामले में बड़ा एक्शन लिया है. जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और सिंगापुर फेस्टिवल के ऑर्गेनाइजर श्यामकानु महांता को गिरफ्तार कर लिया गया है. उधर, जुबीन गर्ग का फोन भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस के इस एक्शन से पहले जुबीन गर्ग की की पत्नी गरिमा गर्ग का दर्द छलका था. उन्होंने कहा था उनकी नजर में वे सभी संदेह के घेरे में जो हादसे के वक्त वहां मौजूद थे. बता दें कि सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसा हो गया था, जिसमें जुबीन गर्ग की मौत हो गई थी.
जानकारी के अनुसार, श्यामकानु महांता को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है. वे सिंगापुर से भारत लौटे थे. वहीं, सिद्धार्थ शर्मा को गुरुग्राम से अरेस्ट किया गया है. दोनों को 14 दिन की कस्टडी में भेजा गया है. असम पुलिस अब जुबीन गर्ग मौत मामले में इन दोनों से दो हफ्तों तक पूछताछ करेगी. जुबीन गर्ग के आकस्मिक निधन से उनके प्रशंसकों में आक्रोश फैल गया था. बड़ी तादाद में लोगों ने उनके अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया था. इसके साथ ही जुबीन को न्याय दिलाने की मुहिम भी शुरू हो गई थी. इस मामले में एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की गई है. उसी सिलसिले में सिद्धार्थ और श्यामकानु को गिरफ्तार किया गया है.
लुकाउट सर्कुलर
इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में बताया था कि नॉर्थईस्ट फेस्ट के आयोजक और जुबीन गर्ग के मैनेजर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है. सीएम ने कहा कि जांच एजेंसियां मामले की गहन पड़ताल कर रही हैं और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. जुबीन गर्ग के अचानक निधन से पूरे असम और पूर्वोत्तर में शोक की लहर दौड़ गई थी. गुवाहाटी के दतलपारा क्षेत्र में गायक जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के घर पर SIT ने तलाशी अभियान भी चलाया था. लुकआउट नोटिस आमतौर पर गंभीर अपराधों जैसे हत्या, आतंकवाद, आर्थिक घोटाले, धोखाधड़ी, रेप या नक्सल गतिविधियों के मामलों में जारी किया जाता है. इसका उद्देश्य आरोपी को देश से बाहर भागने से रोकना और जांच या कानूनी कार्रवाई में उसकी मौजूदगी सुनिश्चित करना होता है.
स्कूबा डाइविंग के दौरान मौत
जुबीन गर्ग का सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान निधन हो गया था. वे नॉर्थईस्ट फेस्टिवल के लिए सिंगापुर गए थे. जुबीन क्रू मेंबर्स और कुछ लोगों के साथ स्कूबा डाइविंग करने गए थे. इसी दौरान एक्सीडेंट में जुबीन गर्ग घायल हो गए. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि स्कूबा डाइविंग करने से पहले आखिर जुबीन गर्ग ने आखिरी बार ऐसा क्या किया था जो उनकी जान पर बन आया. सीएम का कहना है कि जुबीन ने स्कूबा डाइविंग से पहले लाइफ जैकेट निकाल दिया था, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई.



