गोंडा में दहेज हत्या का गंभीर मामला: मृतका की मां ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या और प्रताड़ना का आरोप

*गोंडा*
गोंडा। जिले के थाना कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र में एक सनसनीखेज दहेज हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की मां भराईला, पत्नी विष्णु दयाल निवासिनी जगता जलालपुर, थाना हुजूरपुर, बहराइच ने पुलिस अधीक्षक, गोंडा को एक प्रार्थना पत्र देकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगाया है। प्रार्थना पत्र में अभियुक्तों विनय कुमार, उनकी मां मरला देवी, पिता संजय गांधी और बहन नीतू की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है। मामला अपराध संख्या 405/2025 के तहत धारा 80(1), 85 बी.एन.एस. और 3/4 डी.पी. एक्ट में दर्ज किया गया है।
महिला भराईला के अनुसार,उनकी बेटी की शादी 14 दिसंबर 2022 को हिंदू रीति-रिवाज से विनय कुमार, पुत्र संजय गांधी, निवासी टेपरा कुँवरपुर, अमरहा, थाना करनैलगंज, गोंडा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही मृतका को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका अपनी मां से फोन पर बात करती थी और सास मरला देवी, ससुर संजय गांधी, ननद नीतू और पति विनय कुमार द्वारा की जा रही प्रताड़ना का जिक्र करती थी। मृतका ने बताया था कि ससुराल वाले उसे मारपीट करते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। वह अपनी बेटी को समझाती थी और सुलह-समझौते का आश्वासन देती थी। जब उसने प्रताड़ना का कारण जानने की कोशिश की, तो पता चला कि ससुराल वाले 50,000 रुपये नकद और एक गाड़ी की मांग कर रहे थे। प्रार्थिनी ने अपने पति से इस मांग को पूरा करने की बात कही, लेकिन इससे पहले कि वे कोई व्यवस्था कर पाते, अभियुक्तों ने कथित तौर पर मृतका की हत्या कर दी और शव को टांग दिया। प्रार्थिनी का दावा है कि नीतू, मरला देवी, संजय गांधी और विनय ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की। हत्या के बाद भी अभियुक्तों ने प्रार्थिनी को फोन पर धमकी दी कि मामले को सुलझा लें, वरना पूरे परिवार को मार देंगे। प्रार्थिनी ने पुलिस से अभियुक्तों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।



