क्षतिग्रस्त पुलिया का होगा निर्माण, ऊबड़-खाबड़ गली होगी ठीक: गिरीशपति त्रिपाठी

अयोध्या। सुबह के 7:00 बजे थे। नियावां चौराहे पर नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दल अपर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ के नेतृत्व में मौजूद था। इसी बीच महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार पहुंचे। यहां महापौर का पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता बुद्धिपाल प्रजापति ने अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया। पार्षद अर्जुन यादव उर्फ सोमू भी मौजूद थे। इसके बाद शुरू हुआ निरीक्षण का सिलसिला।
‘नगर की सरकार आपके द्वार’ मुहिम के तहत निरीक्षण की शुरुआत कैंट रोड पर चल रहे नाला सफाई कार्य से हुई। नाला सफाई के लिए जेसीबी के साथ ही नाला गैंग भी तत्पर दिख रहा था। यहां थोड़ी देर रुक कर बातचीत करने के बाद महापौर पाटेश्वरी बिहार की ओर बढ़े। कॉलोनी में खड़ंजा ऊबड़-खाबड़ दिखा। यहां लोगों ने नाली मुख्य नाले से कनेक्ट न होने की शिकायत की। महापौर ने सफाई निरीक्षक कमल कुमार को बुलाकर समस्या का हल करने का निर्देश दिया।
स्थानीय निवासी नवीन कुमार ने सड़क को सही कराने की जगह आरसीसी बनाने का आग्रह किया। नगर आयुक्त ने आरसीसी सड़क बनाने के पहले सीवर का काम पूरा कराने का निर्देश दिया। तब तक खड़ंजा को मजदूरी के आधार पर सही करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश निर्माण विभाग के अभियंताओं को दिया।
थोड़ा आगे बढ़ने पर आशीष कौर ने महापौर से तिलौजी की गली में कूड़ा डालने की शिकायत दर्ज कराई और चलकर देखने का आग्रह किया। काफिला आगे बढ़ा तो आर्य कन्या गली में इंडिया मार्का-टू हैंडपंप चला कर जांच की। नल सही पाया गया। यही घरों में सप्लाई हो रहे पानी की जांच राम का घर से जुड़ी टीम ने की। टीडीएस 390 पाया गया। इससे अच्छी गुणवत्ता के पानी की सप्लाई की पुष्टि हुई। यहीं कुआं पाटे जाने की शिकायत सामने आई।