कोहरे का कहर:अमरोहा में सिपाहियों से भरी पुलिस वैन में ट्रक ने मारी टक्कर, तीन कांस्टेबल घायल, दो की पसली टूटी

कोहरे के कारण शुक्रवार सुबह हादसा हो गया। परेड में आरटीसी कैंपस जा रहे सिपाहियों से भरी पुलिस वाहन को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस लाइन में सवार पुलिस कर्मियों में चीखपुकार मच गई। मौके पर पहुंची देहात थाना पुलिस ने तीन घायल सिपाहियों का अस्पताल में भर्ती कराया।प्राथमिक उपचार के बाद एक सिपाही को छुट्टी दे दी गई है। पसलियां टूटने के कारण दो सिपाहियों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। प्रत्येक शुक्रवार को पुलिस की परेड होती है। यह परेड पहले पुलिस लाइन में होती थी लेकिन जब से नए पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण के लिए डिडौली क्षेत्र आरटीसी कैंपस बना है तभी से यह परेड यहीं पर होती है।सुबह करीब छह बजे पुलिस वैन लाइन से सिपाहियों को लेकर आरटीसी कैंपस के लिए निकली थी।जैसे ही वैन अमरोहा देहात थानाक्षेत्र में जोया रोड स्थित बंबूगढ़ चौराहे के पास पहुंची तभी कोहरे में दिखाई नहीं देने के कारण ट्रक ने पीछे से पुलिस वैन को टक्कर मार दी।
पुलिस कर्मियों को वैन से बाहर निकल गया। जानकारी मिलते ही देहात थाना प्रभारी सनोज प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और हादसे में घायल कांस्टेबल विनोद, अंजनी और प्रवीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने तीनों सिपाहियों का इलाज किया।



