कर्नाटक सरकार ने ‘गृह लक्ष्मी डिजिटल मार्केटिंग’ पोर्टल किया लॉन्च।

जनवरी 2026 में कर्नाटक सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग (DWCD) ने अपनी प्रमुख गृह लक्ष्मी योजना का विस्तार करते हुए ‘गृह लक्ष्मी डिजिटल मार्केटिंग’ पोर्टल की शुरुआत कर्मणी उत्सव–2026 के दौरान बेंगलुरु (कर्नाटक) में की। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उद्यमिता को बढ़ावा देना और डिजिटल समावेशन को मजबूत करना है।
यह पोर्टल महिला उद्यमियों को हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, आभूषण, वस्त्र और पारंपरिक वस्तुएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेचने का अवसर प्रदान करता है, साथ ही कर्नाटक की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करता है। इच्छुक महिलाएं gruhalakshmidigital.org वेबसाइट के माध्यम से, जिला प्रभारी अधिकारियों के जरिए या विभागीय मुख्यालय में पंजीकरण करा सकती हैं।
इस पहल के तहत सरकार द्वारा समर्थित उपयोगकर्ता-अनुकूल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, व्यावसायिक प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे महिलाओं की डिजिटल मार्केटिंग और व्यवसायिक क्षमताओं में वृद्धि हो सके। पोर्टल पर केवल सत्यापित महिला उद्यमियों को ही शामिल किया जाएगा, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो।
यह डिजिटल पोर्टल गृह लक्ष्मी योजना का ही विस्तार है, जिसके अंतर्गत कर्नाटक की पात्र परिवारों की महिला मुखियाओं को प्रति माह 2,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर आजीविका से जोड़ना है।
इस योजना का मार्गदर्शन मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार कर रहे हैं। इसे महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर के नेतृत्व में लागू किया जा रहा है, जबकि क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कर्नाटक राज्य महिला विकास निगम के पास है, जिसकी अध्यक्षता जी. पद्मावती कर रही हैं।



