अयोध्या-मंडल

एक ही फोटो चार मास्टर रोल में दर्ज, मनरेगा में फर्जीवाड़े का संदेह

27 मजदूरों की उपस्थिति पर उठे सवाल, मोहसिनपुर में अनियमितता का आरोप

पूरा बाजार -अयोध्या।

ग्राम पंचायत मोहसिनपुर में मनरेगा योजनाओं में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। चार अलग-अलग मास्टर रोल्स में एक ही फोटो का उपयोग कर 27 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज किए जाने से विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रकरण के प्रकाश में आते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है और उन्होंने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।पूरा बाजार विकासखंड की इस पंचायत में मास्टर रोल संख्या 2131, 2132, 2133 और 2134 में श्रमिकों की हाजिरी एक ही फोटो के माध्यम से दर्ज की गई है। मनरेगा पोर्टल पर अपलोड की गई तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि लोकेशन, लोग और पृष्ठभूमि एक समान हैं, जबकि श्रमिकों के नाम अलग-अलग दर्ज किए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सभी उपस्थिति 00:00:00 के समय पर दर्ज की गई है और किसी मास्टर रोल में वैकल्पिक फोटो नहीं लगाई गई।

मास्टर रोल संख्या 2132 में सुनीता, मालती देवी, कृष्णा देवी, नंद किशोर और जमुना की उपस्थिति दर्ज की गई है। वहीं, मास्टर रोल 2134 में जितेंद्र कुमार सिंह, हनुमान प्रसाद, रविकांत वर्मा, साधना और किरण वर्मा सहित अन्य मजदूरों की हाजिरी दिखाई गई है। मगर अपलोड की गई तस्वीरें एक जैसी हैं, जिन्हें अनीमिका सिंह नामक कर्मी द्वारा पोर्टल पर चढ़ाया गया।

गांव के जागरूक नागरिकों ने इस गड़बड़ी पर कड़ी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकांश मजदूर कार्यस्थल पर कभी मौजूद नहीं रहे, लेकिन पोर्टल पर उनकी उपस्थिति दर्शा दी गई। यह न सिर्फ सरकारी धन की बर्बादी है, बल्कि जरूरतमंदों के हक पर भी चोट है।

ग्राम्य विकास मामलों के जानकारों का कहना है कि यह मामला सिर्फ तकनीकी त्रुटि नहीं बल्कि योजनाबद्ध फर्जीवाड़ा है।

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/news portal/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button