एअर इंडिया की आठ फ्लाइट्स रद्द

एअर इंडिया ने एक बार फिर अपनी कई उड़ान सेवाएं रद्द कर दी हैं। एयरलाइन की ओर से अब तक चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत आठ फ्लाइट्स को रद्द करने की सूचना दी गई है।
एयरलाइन ने बताया कि शुक्रवार को रखरखाव और परिचालन संबंधी कारणों से एअर इंडिया ने चार अंतरराष्ट्रीय सेवाओं सहित आठ उड़ानें रद्द कर दी हैं। यात्रियों के लिए जल्द से जल्द अपने गंतव्यों तक उड़ान भरने के लिए ग्राउंड पर उसकी टीमें वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं।
एयरलाइन ने कहा कि उसने यात्रियों को टिकट रद्द करने पर पूरे पैसों की वापसी या यात्रा को फिर से निर्धारित करने की पेशकश की है। रद्द की जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानें दुबई से चेन्नई के लिए , दिल्ली से मेलबर्न के लिए , मेलबर्न से दिल्ली के लिए और दुबई से हैदराबाद के लिए थीं।
ऐसे ही चार घरेलू उड़ानें पुणे से दिल्ली के लिए , अहमदाबाद से दिल्ली के लिए , हैदराबाद से मुंबई के लिए और चेन्नई से मुंबई के लिए रद्द कर दी गई हैं।