केरल और मध्य प्रदेश से आ कर पटना में कर रहे थे बड़ा कांड, पुलिस ने गिरोह के 10 सदस्यों को दबोचा…

बिहार की पुलिस इन दिनों लगातार अपराध करने वाले लोगों पर कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही पुलिस साइबर अपराध पर नियंत्रण करने की भी पूरी कोशिश में जुटी हुई है। इसी कड़ी में पटना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का उद्भेदन करते हुए 10 शातिरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में मोबाइल, लैपटॉप, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक, आधार और पैन कार्ड, पासपोर्ट, वीजा समेत अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की है।
राजधानी पटना की दानापुर पुलिस ने पूर्वी गोला रोड स्थित एक होटल के कमरे में कार्रवाई करते हुए एक ऑनलाइन ठगी गिरोह के दस सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के लोग होटल के कमरे से ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल अरेस्ट करने जैसे फ्रॉड का काम कर रहे थे। आरोपी अंजान नंबरों से लोगों को फोन कर नौकरी, लोन, मुनाफे वाले निवेश समेत अन्य लुभावने ऑफर का लालच देते थे। इसके साथ ही लोगों को विभिन्न तरह से डरा कर डिजिटल अरेस्ट जैसे काम कर भी पैसे की ठगी करते थे और फिर एटीएम से उन पैसों को निकाल लेते थे।



