ईरान पर अमेरिका-इजरायल के ताबड़तोड़ हमले, पुल पर हमले में आठ की मौत, अमेरिकी सेना प्रमुख ने दिया इस्तीफा!

ईरान पर अमेरिका-इजरायल के ताबड़तोड़ हमले, पुल पर हमले में आठ की मौत, अमेरिकी सेना प्रमुख ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली:
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिका और इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई इलाकों में अचानक हवाई हमले तेज कर दिए हैं। एक साथ कई स्थानों पर हुए इन हमलों से हालात और गंभीर हो गए हैं। वहीं, एक प्रमुख पुल पर हुए हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब सौ लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, अल्बोरज प्रांत में एक महत्वपूर्ण पुल को निशाना बनाकर किए गए हमले में ये हताहत हुए। बताया जा रहा है कि उस समय आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित थे। ईरान ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे नागरिक ढांचे पर हमला बताया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले के बाद चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि आगे भी ऐसे हमले जारी रह सकते हैं। उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
इसी बीच अमेरिका में भी बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी सेना के प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पेंटागन ने उनके इस्तीफे के कारणों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इसे लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ द्वारा हाल के दिनों में कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटाया गया है और जॉर्ज का इस्तीफा भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, नेतृत्व को लेकर मतभेद इस फैसले की एक वजह हो सकते हैं।
लगातार हो रहे हमलों और राजनीतिक घटनाक्रमों के चलते पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस स्थिति पर गहरी नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।



